
उदयपुर के भूपालपुरा थाना क्षेत्र के सरदारपुरा इलाके में गुरुवार रात अज्ञात चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने एक सूने मकान का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया और सोने-चांदी के कीमती आभूषणों के साथ नकदी पर हाथ साफ कर दिया। जानकारी के अनुसार मकान मालिक चतर लाल सोमानी गुरुवार रात अपने परिवार के साथ भीलवाड़ा में एक शादी समारोह में शामिल होने गए हुए थे। इसी दौरान चोरों ने मौके का फायदा उठाया। मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर चोर घर के अंदर घुसे और अलमारी के ताले तोड़कर करीब 20 तोला सोना, चांदी के आभूषण और नकदी चोरी कर ली। शुक्रवार सुबह जब परिवार भीलवाड़ा से लौटकर घर पहुंचा तो घर के अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। सारा सामान बिखरा हुआ था और अलमारी के ताले टूटे हुए मिले। इसके बाद तत्काल भूपालपुरा थाना पुलिस को सूचना दी गई। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि चोर आयड़ नदी की ओर से मकान में घुसे और वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हो गए। सूचना पर एफएसएल टीम भी मौके पर पहुंची और जरूरी साक्ष्य जुटाए। वहीं भूपालपुरा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। फिलहाल पुलिस अज्ञात चोरों की तलाश में जुटी हुई है। क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है और लोग सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहे हैं।
05 Feb 2026